मां दुर्गा की प्रतिमाओं का नेत्र पट खुलते ही पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

  • एकमा स्थित मां दुर्गा मंदिर पूजा पंडाल में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने विधि-विधिन से की पूजा-अर्चना, सुख-शांति व समृद्धि की कामना।

एकमा (सारण)। शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि पर शुक्रवार की शाम नगर पंचायत एकमा बाजार के माल गोदाम के समीप स्थित मां दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में देवी मंत्रों के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का नेत्र पट खुलते ही पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। घंटियों की गूंज, शंखनाद और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए देर शाम तक पंडालों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

इस अवसर पर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने एकमा बाजार के मालगोदाम स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने आरती में शामिल होकर मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं के दर्शन किए।

सांसद ने मां दुर्गा से महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र, सारण जिले, बिहार और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने तथा सभी पर मां की कृपा बनी रहने की प्रार्थना की।

इस मौके पर शैलेन्द्र सिंह, चैतेंद्र नाथ सिंह, मुकेश सिंह, ब्रजेश रमण, पुष्पेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र गुप्ता, चितरंजन सिंह, भोला प्रसाद, राजू प्रसाद, बलवंत सिंह, प्रमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।