रूपेश मिश्रा,कटिहार। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को लेकर एनडीए ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की जीत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह विधायक तारकिशोर प्रसाद ने बुधवार को प्रत्याशी के साथ कटिहार में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ताओं के साथ बैठक कर एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर स्नातक मतदाताओं से संपर्क साधा और डॉ. एनके यादव को प्रथम वरीयता का मत देने का आग्रह किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रत्याशी डॉ. एनके यादव ने मतदाताओं के समक्ष अपने पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों की चर्चा की। साथ ही आगामी कार्यकाल के लिए अपनी योजनाओं और प्राथमिकताओं से भी उन्हें अवगत कराया। उन्होंने मतदाताओं से समर्थन देने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा नेता वीरेंद्र यादव, बबन झा, विजय सिंह, अजय दास, चांदसी यादव सहित कई अन्य नेता एवं स्नातक मतदाता मौजूद थे।









