रूपेश मिश्रा(कटिहार) मनिहारी। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में संभावित चुनाव को लेकर समाजसेवी एवं आयकर विधि वेत्ता मिथिलेश कुमार झा ने मंगलवार को मनिहारी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों, स्नातक मतदाताओं और स्थानीय लोगों के साथ संगोष्ठी कर विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, अधिवक्ताओं और युवाओं से जुड़े विषयों पर लोगों से उनकी समस्याएं जानीं।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मिथिलेश कुमार झा ने कहा कि वह क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें सदन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन से उनका जुड़ाव रहा है और वह छात्र दल के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। शिक्षक परिवार से जुड़ाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने शिक्षकों, अधिवक्ताओं और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि निर्वाचित होने का अवसर मिलने पर कोसी स्नातक क्षेत्र की समस्याओं को सदन में मजबूती से उठाया जाएगा। शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के साथ शिक्षकों, अधिवक्ताओं एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही।
मतदाता बनने की प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
मिथिलेश कुमार झा ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता बनने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की जरूरत बताई। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में वह चुनाव आयोग को कई बार पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने व्यवस्था में सुधार और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए प्रभावी पहल करने की बात कही।
पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें जनता के समर्थन पर भरोसा है। क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लगातार लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है। संगोष्ठी में मौजूद शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं ने भी अपनी समस्याएं रखीं। झा ने कहा कि क्षेत्र में जनसंवाद का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।










