बिहार में दो दिन बारिश का अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; आंधी-वज्रपात को लेकर भी अलर्ट

   पटना। बिहार में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश, जबकि 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 24 सितंबर को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और मुजफ्फरपुर में बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज समेत कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।

25 सितंबर को इन जिलों में भी बारिश का असर

25 सितंबर को गोपालगंज, सारण, सीवान और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा

मौसम विभाग ने कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने तथा आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

27 सितंबर तक बना रहेगा मौसम का असर

IMD के पटना केंद्र के अनुसार 27 सितंबर तक गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार की संभावना है।

News4Bihar अपील: खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित पक्के भवन में रहें।