कटिहार की बेटी मिशा सिंह को राष्ट्रपति भवन से मिला सम्मान का न्योता, स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में होंगी सम्मानित।

News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार)बिहार के कटिहार जिले की बेटी मिशा सिंह ने अपने नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर पूरा जिला गर्व महसूस कर रहा है। आगामी 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन की ओर से आधिकारिक आमंत्रण मिलने के बाद उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।

कटिहार के छीटाबाड़ी की रहने वाली मिशा सिंह ने किशनगंज से एमएससी (एग्रीकल्चर) की पढ़ाई पूरी की है। वर्ष 2023 से वह अपने स्टार्टअप के जरिए लॉजिस्टिक्स, मार्केटिंग और परिवहन के क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। उनका मुख्य उद्देश्य मछली एवं अन्य शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को अंतिम उपभोक्ता तक सुरक्षित बनाए रखना है।

मिशा सिंह ने बताया कि खाद्य पदार्थों के सुरक्षित परिवहन के लिए कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज और रेफ्रिजरेटेड ट्रकों का व्यापक उपयोग बेहद जरूरी है। इससे उत्पादों की गुणवत्ता बनी रहती है, खाद्य सामग्री की बर्बादी कम होती है और उपभोक्ताओं तक ताजा व सुरक्षित सामान पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से खाद्य सामग्री अलग-अलग बाजारों तक पहुंचती है, लेकिन मजबूत कोल्ड चेन व्यवस्था के अभाव में उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो जाती है। यदि वैज्ञानिक तरीके से परिवहन और भंडारण किया जाए तो मछली समेत अन्य खाद्य पदार्थों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलने के बाद मिशा सिंह के परिवार में उत्साह का माहौल है। परिजनों ने इसे पूरे कटिहार और बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिशा सिंह की यह उपलब्धि जिले की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।