स्कूल से 11 कंप्यूटर सेट चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार।

। रूपेश मिश्रा, (कटिहार)बिहार : डंडखोरा थाना क्षेत्र के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय से 11 कंप्यूटर सेट चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी के कंप्यूटर उपकरणों के अलावा मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 अक्टूबर को विद्यालय से 11 कंप्यूटर सेट, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड समेत अन्य सामान चोरी कर लिए गए थे। मामले में डंडखोरा थाना में कांड संख्या 157/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. इकराम (27), नुरुद्दीन राय उर्फ पलटन राय (30), रोहित खान उर्फ एमपी (27) और कांति मंडल (31) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपित कटिहार जिले के डंडखोरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 11 कंप्यूटर मॉनिटर, 11 सीपीयू, चार की-बोर्ड, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।