जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातक में स्पॉट नामांकन के लिए जारी हुआ आदेश

छपरा सदर। जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा में स्नातक सत्र 2026 – 30 में स्पॉट नामांकन के लिए छात्रों को एक मौका प्रदान किया गया है।इस आशय का पत्र जे पी यू के कुलपति प्रो परमेंद्र कुमार बाजपेई के निर्देश पर अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ विक्रम राणा सिंह ने जारी किया है।अपने पत्र के माध्यम से उन्होंने नामांकन से वंचित छात्रों के लिए एक मौका देते हुए कहा है कि 20 अगस्त से 23 अगस्त तक सी०बी०सी०एस० आधारित चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम सत्र 2026-30 में नामांकन हेतु सारण, सिवान एवं गोपालगंज जिले के विद्यार्थियों के लिए स्पॉट नामांकन के माध्यम से महाविद्यालयों में रिक्त सीटों के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जाना है। इच्छुक नये विद्यार्थी विश्वविद्यालय के बेवसाइट पर उपलब्ध महाविद्यालयवार एवं विषयवार रिक्त सीटों को देखकर ही आवेदन करें। 23 अगस्त के बाद महाविद्यालयों द्वारा रिक्त सीटों के विरूद्ध समर्थ पोर्टल द्वारा तैयार आवंटित सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया अपनाये जायेंगे। नये विद्यार्थी जय प्रकाश विश्वविद्यालय वेबसाइट में एडमिशन वाले लिंक पर क्लिक कर उक्त तिथियों में आवेदन करेंगे । आवेदन के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। पूर्व में आवंटित्त विद्यार्थी जो किसी कारणवश नामांकन नहीं ले सके हैं वे विद्यार्थी अपना विषय एवं महाविद्यालय बदल सकते हैं जिसके लिए शुल्क नहीं देना होगा। वे अपने लॉगिन आई डी से एक नया आवेदन अपने विषय एवं चयनित कॉलेज के लिए आवेदन करेंगे।आवेदन करते समय मैट्रिक और इंटर का अंकपत्र,जन्म प्रमाणपत्र के लिए मैट्रिक का सर्टिफिकेट,यदि रिजर्व कोटे से आते है तो जाति और विकलांगता प्रमाणपत्र,ई डब्ल्यू एस के लिए आय प्रमाणपत्र,आधार कार्ड तथा आपार आई डी के साथ नामांकन शुल्क को समर्थ पोर्टल पर पेमेंट गेटवे के द्वारा जमा करेंगे।