छपरा । शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशकों ने पूर्णकालिक सेवा का दर्जा और मानदेय में वृद्धि की मांग को लेकर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. राहुल राज से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
संघ के मीडिया प्रभारी त्र्यंबक पांडेय गांधी ने कहा कि सरकार अनुदेशकों से नियमित शारीरिक शिक्षकों की तरह सभी कार्य लेती है, लेकिन सेवा और वेतन के मामले में उन्हें अंशकालिक रखा गया है। समान योग्यता और जिम्मेदारी के बावजूद सीमित मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना और गृह जिले से दूर रहकर नौकरी करना मुश्किल हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने अंशकालिक व्यवस्था समाप्त कर पूर्णकालिक सेवा का दर्जा देने, सम्मानजनक वेतनमान और सेवा संबंधी विसंगतियां दूर करने की मांग की। विधान पार्षद डॉ. राहुल राज ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इन मांगों को शीघ्र शिक्षा मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस दौरान पंकज गुप्ता, नितेश सिंह, मनोहर पांडेय, चंद्रभूषण तिवारी, मृदाल आनंद, हरेंद्र सिंह और अनूप सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।









