♦ 30 प्रतिशत एलडीसीई कोटे से मेरिट के आधार पर ग्रुप-बी पद पर हुआ चयन, भुसावल मंडल के खंडवा में संभाला पदभार
छपरा (सारण)। जिले के प्रतिभाशाली युवा अभिजीत कुमार ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन मध्य रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में ग्रुप-बी (लेवल-8) के सहायक मंडल अभियंता (एईएन/एडीईएन) पद पर हुआ है। 30 प्रतिशत एलडीसीई कोटे (वर्ष 2025-2026) के तहत मेरिट के आधार पर चयनित अभिजीत कुमार ने 16 नवंबर को महाराष्ट्र के भुसावल मंडल अंतर्गत खंडवा में अपने पद पर योगदान दिया।
मध्य रेलवे मुख्यालय, मुंबई की ओर से 19 अक्टूबर को जारी अंतिम चयन सूची में अभिजीत कुमार का नाम शामिल किया गया था। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे सारण जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर अपने करियर में नई ऊंचाईयां हासिल करना चाहते हैं।
इस संबंध में सारण जिले के शिक्षाविद व वरिष्ठ पत्रकार नदीम अहमद ने बताया कि अभिजीत कुमार का परिवार शिक्षा और सेवा के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उनके पिता डॉ. जनार्दन सिंह मढ़ौरा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय असोईयां में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता इंदु सिंह छपरा सदर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामनगर में शिक्षिका हैं। उनकी छोटी बहन योजना एवं विकास विभाग के सारण प्रमंडल क्षेत्रीय कार्यालय में योजना सहायक के पद पर कार्यरत हैं। पूरा परिवार छपरा के प्रभुनाथनगर में रहता है।
उधर प्रो. अजीत कुमार सिंह, शिक्षक शशि शेखर सिंह, मयंक कुमार सिंह, डॉ शशि भूषण शाही, पत्रकार के. के. सिंह सेंगर, रवि सिंह, मनोकामना सिंह, सुजीत कुमार सिंह, मनिंद्र नाथ सिंह मुन्ना आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि अभिजीत की इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और उनके गृह क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचा जा सकता है।









