पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग में 11 हजार से अधिक प्रशासनिक, तकनीकी और चिकित्सा सहायक पदों पर जल्द ही बहाली प्रक्रिया शुरू होने वाली है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी ने इसकी जानकारी दी है।
कार्यपालक निदेशक के अनुसार, भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक जारी किया जा सकता है। बहाली से जुड़ी अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जल्द ही भर्ती कैलेंडर भी जारी किया जाएगा। फिलहाल राज्य के सभी 38 जिलों से स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों का अद्यतन विवरण मांगा जा रहा है।
इन पदों पर होगी नियुक्ति
पहले चरण में स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, प्रबंधकीय श्रेणी, ब्लॉक हेल्थ मैनेजर (BHM), ब्लॉक स्तर के अन्य पदों और लिपिकीय संवर्ग में नियुक्तियां की जाएंगी। इसके बाद दूसरे चरण में अन्य रिक्त पदों पर भी बहाली की प्रक्रिया शुरू होगी।
6 से 7 महीने में पूरी होगी बहाली प्रक्रिया
नवल किशोर चौधरी ने बताया कि भर्ती कैलेंडर लगभग तैयार है। स्वीकृति मिलने के बाद इसे सार्वजनिक किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य विज्ञापन जारी होने के अगले 6 से 7 महीनों के भीतर चयन, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया पूरी करना है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
इस बड़े पैमाने पर होने वाली बहाली से बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडलीय और जिला अस्पतालों में स्वास्थ्यकर्मियों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। पर्याप्त संख्या में नर्सों और लैब टेक्नीशियनों की नियुक्ति से मरीजों को बेहतर इलाज और समय पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।
वहीं, ब्लॉक हेल्थ मैनेजर और लिपिकीय कर्मचारियों की नियुक्ति से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन में भी तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद है।









