बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले का स्थापना दिवस आगामी 12 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। समारोह को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको लेकर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में प्रभातफेरी, वृक्षारोपण, फैंसी फुटबॉल मैच और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, जिले के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि जिला स्थापना दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि पश्चिम चम्पारण की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत के साथ जिले की गौरवशाली पहचान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाना चाहिए, ताकि जिले के अधिक से अधिक नागरिक इसमें शामिल हो सकें।
डीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने तथा कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थापना दिवस के लिए आकर्षक एवं विशिष्ट लोगो तैयार कराने की बात कही। इसके लिए जिलेवासियों से लोगो आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त लोगो में से चयनित लोगो को समारोह के दौरान सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए समारोह को यादगार और गरिमामय बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अमरेन्द्र कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता अहमद अली अंसारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार, एनईपी पुरुषोत्तम त्रिवेदी, डीपीओ (आईसीडीएस) कविता रानी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।









