♦ जिला अध्यक्ष रामजी तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, संगठन विस्तार के लिए सारण जिले को तीन जोन में बांटने का निर्णय।
छपरा (सारण)। जलालपुर स्थित ओम पेट्रोलियम परिसर में सारण जिला सर्वोदय मंडल की बैठक जिला अध्यक्ष रामजी तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, समाज के विकास तथा सर्वोदय विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान मंडल के सदस्यों ने अपने-अपने विचार और सुझाव भी रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रामजी तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को सर्वोदय मंडल से जोड़ने की अत्यंत आवश्यकता है। इससे नई पीढ़ी सर्वोदय समाज के विचारों, सिद्धांतों और उद्देश्यों को समझ सकेगी तथा समाज निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
बैठक में संगठन के विस्तार और गतिविधियों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सारण जिले को तीन जोन में बांटने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने इस पहल का स्वागत करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया।
इस अवसर पर सदन कुमार सिंह, सांवलिया गिरी, ओमप्रकाश गिरी, रमाशंकर सिंह, रितिक कुमार यादव, सतीश कुमार यादव, रविंद्र सिंह, चंद्रकांत सिंह, तारकेश्वर तिवारी, शिवनाथ मांझी, राजकुमार नट, डॉ. बृजेंद्र कुमार सिंह, भरत सिंह, शशि भूषण सिंह, ददन पांडेय, शालिग्राम मिश्र, अमीर हसन एवं वकील सिंह सहित सर्वोदय मंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









