80 पंचायतों में वज्रपात से बचाव का संदेश देंगे एलईडी रथ

।  रूपेश मिश्रा, (कटिहार)बिहार, डीएम ने चार जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी, 10 दिनों तक चलेगा अभियान।

वज्रपात से होने वाली जान-माल की क्षति रोकने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। इसके तहत सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने समाहरणालय परिसर से चार एलईडी युक्त जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ अगले 10 दिनों तक जिले के सभी 16 प्रखंडों की 80 संवेदनशील पंचायतों में जाकर लोगों को वज्रपात से बचाव के तरीके बताएंगे।

बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए अभियान के तहत ग्रामीणों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। रथों पर लगी एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम के माध्यम से वीडियो दिखाकर लोगों को सुरक्षा के उपाय बताए जाएंगे। प्रत्येक रथ के साथ दो प्रशिक्षित आपदा मित्रों की तैनाती की गई है। ये गांवों में पर्चे बांटने के साथ मॉकड्रिल के जरिए लोगों को बचाव के तरीके समझाएंगे।

सचेत ऐप के इस्तेमाल की दी जाएगी जानकारी

अभियान के दौरान ग्रामीणों को वज्रपात की पूर्व चेतावनी पाने के लिए सचेत ऐप डाउनलोड करने और उसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान में जाने से बचें और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। पेड़ों, बिजली के खंभों, टावरों और जलस्रोतों से दूर रहें। खेत या खुले स्थान पर रहने के दौरान वज्रपात की आशंका होने पर जल्द से जल्द सुरक्षित आश्रय लें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों तक आपदा सुरक्षा का संदेश पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर बरती गई सावधानी से आपदा के कारण होने वाली क्षति को कम किया जा सकता है।

मौके पर अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) फिरोज अख्तर, जिला गोपनीय प्रशाखा के प्रभारी पदाधिकारी अभिषेक कुमार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रीतिका भारती सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद थे।