♦ युवा क्रांति रोटी बैंक आठ वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा में जुटा, भोजन से लेकर सामूहिक विवाह तक में निभाई अहम भूमिका
छपरा (सारण)। समाज सेवा ही मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। इसी भावना के साथ छपरा की प्रसिद्ध सामाजिक संस्था युवा क्रांति रोटी बैंक वर्ष 2018 से लगातार जरूरतमंदों की सेवा में जुटी है। संस्था की ओर से गरीब और असहाय लोगों के बीच भोजन, कपड़े, दवाइयां और फल वितरित किए जाते हैं। इसके साथ ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत सामग्री पहुंचाने और गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह कराने जैसे सामाजिक कार्य भी किए गए हैं।
संस्था के संस्थापक ई. विजय राज ने बताया कि युवा क्रांति रोटी बैंक के माध्यम से अब तक हजारों जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई गई है। कोरोना महामारी के कठिन दौर के अलावा छपरा और पटना में आई बाढ़ के दौरान भी संस्था की टीम ने जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने का काम किया। उन्होंने बताया कि संस्था ने गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह का आयोजन कर दर्जनों जोड़ों को नया जीवन शुरू करने में सहयोग दिया है।
इस अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित अशोक अलंकार परिवार की उर्मिला गुप्ता ने संस्था की पूरी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में युवा क्रांति रोटी बैंक का योगदान प्रेरणादायक है। आठ वर्षों से निस्वार्थ भाव से हजारों लोगों की मदद करना सराहनीय कार्य है। जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्चे अर्थों में मानवता और धर्म का पालन है।
उन्होंने संस्था की अध्यक्ष नीतू गुप्ता के नेतृत्व और देखरेख में संचालित सामाजिक गतिविधियों की भी प्रशंसा की तथा पूरी टीम के सेवा भाव को सलाम किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के सक्रिय सदस्य कृष्णा श्रीवास्तव, अभिषेक अग्रहरि, विवेक सिंह, समित सिंह, मोनल, सन्नी खान, सौरव, रेहान और आयुष मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था के सदस्यों ने आगे भी जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।









