लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र करें निष्पादन : मंत्री।

रूपेश मिश्रा, कटिहार। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने मंगलवार को अंचल अधिकारियों (सीओ) और भूमि सुधार उप समाहर्ताओं (डीसीएलआर) के साथ समीक्षा बैठक कर राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, लंबित जमाबंदी और भूमि मापी से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया।

मंत्री ने भूमि अभिलेखों में खाता, खेसरा और रकबा से संबंधित त्रुटियों को नियमानुसार दूर करने तथा परिमार्जन प्लस के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने राजस्व महा-अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और आम लोगों की समस्याओं का पारदर्शी तरीके से समाधान करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि राजस्व सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। बैठक में संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।