राष्ट्रीय खेल दिवस पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन

छपरा । राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को छपरा के जय प्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातमोत्तर छात्र – छात्राओं के बीच शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय सीनेट हॉल में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र – छात्रा शामिल हुए और उन्होंने आपस में शतरंज के मैच खेले। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए अंग्रेजी विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रोफेसर उदय शंकर ओझा ने सभी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए खेल दिवस की जानकारी दी तथा छात्रों को मोबाइल कल्चर से हटकर खेल गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा दी। प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर बिहार के माननीय कुलाधिपति ने सभी महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में खेल गतिविधियों हेतु 28, 29 व 30 अगस्त को खेल दिवस के रूप में विभिन्न खेल व फिटनेस कार्यक्रम करने सम्बन्धी दिशा निर्देश देते हुए आदेश प्रदान करने की कृपा की है। इस कार्यक्रम का स्लोगन “खेलेगा भारत ,जीतेगा भारत” है।

जय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर परमेन्द्र कुमार बाजपेयी के दिशा निर्देश पर विश्वविद्यालय क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न महाविद्यालयों में भी तीन दिन के खेल कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

जेपीयू के क्रीड़ा निदेशक प्रोफेसर राजेश नायक ने बताया कि अब तक प्राप्त सूचना के अनुसार गंगा सिंह महाविद्यालय, राम जयपाल महाविद्यालय, राजेन्द्र महाविद्यालय,एच आर महाविद्यालय अमनौर, जगदम महाविद्यालय, छपरा, जे पी एम महाविद्यालय व डी ए वी कॉलेज, सिवान आदि महाविद्यालयों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।