Saran news updates : अमनौर में सीएसपी संचालक से 90 हजार रुपये की लूट।

News4Bihar/सारण:अमनौर थाना क्षेत्र के SH 73 मुख्य मार्ग पर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के लिंक ब्रांच (अपहर) के सीएसपी संचालक से रविवार को दिनदहाड़े 90,000 रुपये लूट लिए गए। दो बाइकों पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। रविवार की सुबह लगभग 9:30 बजे, सीएसपी संचालक दिनेश कुमार उर्फ डब्लू अपनी दुकान पर पहुंचे और साफ-सफाई करने के बाद काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके बैग में 90,000 रुपये और एक मोबाइल रखा था। इसी दौरान, चार युवक दो बाइकों पर सवार होकर आए। सभी के हाथों में बंदूकें थीं।

अपराधियों ने दुकान में घुसकर गाली-गलौज की और हथियार के बल पर बैग में रखा सारा पैसा और मोबाइल लूट लिया। जाते-जाते उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी उखाड़ दिया और सोनहो मार्ग की तरफ भाग गए। वही लूट के बाद सीएसपी संचालक के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने अमनौर-सोनहो पथ को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया। इसके बाद मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। सीएसपी संचालक दिनेश कुमार सिंह उर्फ डबलू एक दिव्यांग व्यक्ति हैं। वह इस दुकान से अपना जीवन यापन करते हैं।