इसुआपुर । स्थानीय थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर संध्या विजया दशमी के दिन पर इसुआपुर बाजार के पास 45 फीट,निपनिया बाजार के पास 40 फीट और मुड़वा बाजार के पास 35 फीट रावण के पुतले का दहन किया गया। प्रशासनिक पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति में रावण के पुतले को आग लगाई गई। रावण दहन देखने के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। निपनिया और मुड़वा में तरैया विधानसभा के पूर्व राजद प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मुखिया सुरेश दास और रमेश सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से रावण के पुतले का दहन किया। वहीं इसुआपुर में विधायक जनक सिंह, राजद के पूर्व प्रत्याशी शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला परिषद की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, जिला पार्षद छविनाथ सिंह, भाजपा नेता धीरज सिंह और पूर्व मुखिया राजकिशोर सिंह ने संयुक्त रूप से पुतले को आग लगाई।इस मौके पर जमकर आतिशबाजी भी हुई। पुतला जलते ही पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। आयोजक टीम में ढोलन सिंह, दिलीप चौरसिया, राजेश सिंह कुशवाहा, महादेव साह, उपेंद्र भगत, नागेश्वर सिंह व अन्य मौजूद रहे।









