नहीं रही सरेया रत्नाकर पंचायत की पूर्व मुखिया रीता देवी

  • शोक सभा आयोजित कर तरैया मुखिया संघ ने व्यक्त की गहरी संवेदना।

सारण:(तरैया)- प्रखंड के सरेया रत्नाकर पंचायत की पूर्व मुखिया रीता देवी की सोमवार की रात्रि हृदय गति रुकने से अचानक मौत हो गई। रात्रि में ही उनकी मौत की खबर फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप व अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से उनके पुत्र पूर्व मुखिया संजीव कुमार सिंह ने शेयर की। सूचना पर मंगलवार की सुबह से ही उनके घर पर सांत्वना देने वाले व पूर्व मुखिया रीता देवी के अंतिम दर्शन को क्षेत्र भर के आम से खास लोग पहुंचने लगे। बता दें दिवंगत पूर्व मुखिया रीता देवी के पति स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह भी सरेया रत्नाकर पंचायत का नेतृत्व कर चुके थे। उनके बाद उनकी पत्नी रीता देवी तथा पत्नी के बाद उनके बड़े पुत्र संजीव कुमार सिंह सरेया रत्नाकर पंचायत का नेतृत्व कर चुके हैं। इस बार के चुनाव में संजीव कुमार सिंह को हार का सामना करना पड़ा है। मंगलवार की दोपहर बाद तरैया मुखिया संघ ने नारायणपुर पंचायत के मुखिया अमित कुमार सिंह के आवास पर एक शोक सभा का आयोजन किया। शोक सभा में क्षेत्र के सभी मुखिया व मुखिया प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। दो मिनट का मौन रखकर मुखियों ने मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की तथा गहरी संवेदना प्रकट की। मौके पर तरैया मुखिया संघ के अध्यक्ष सह भागवतपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार यादव, सरेया रत्नाकर पंचायत के मुखिया तारकेश्वर सिंह, चंचलिया पंचायत के मुखिया नंदकिशोर साह, भटगांई पंचायत के मुखिया ओम प्रकाश राम, नारायणपुर के मुखिया अमित कुमार सिंह, चैनपुर मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार यादव, पोखरेड़ा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि वीर बहादुर राय समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *