BRICS सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के तहत कोशी छठ घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, महापौर एवं उप महापौर ने की सहभागिता

रूपेश मिश्रा  , कटिहार। BRICS Sustainable Lifestyle Week (01 नवंबर से 07 नवंबर 2026) के अवसर पर रविवार को नगर निगम कटिहार द्वारा कोशी छठ घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई, ताकि छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। छठ महापर्व जैसे पावन अवसर पर घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कटिहारवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाएं और नगर निगम के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करें।

माननीय उप महापौर श्री मंजूर खान ने भी स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ कटिहार का निर्माण संभव है।

स्वच्छता अभियान में माननीय महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल, माननीय उप महापौर श्री मंजूर खान, नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार, स्थानीय पार्षद श्रीमती मुन्नी देवी, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य श्री प्रमोद महतो, माननीय पार्षद श्री भोला साहनी सहित नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम कटिहार द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करें और छठ महापर्व के दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दें।