जलालपुर में सनसनीखेज मामला: 5 दिन पहले मिली सिर कटी लाश, अब घटनास्थल से 10 फीट दूर बरामद हुआ सिर; DNA जांच के बाद होगी पहचान की पुष्टि

सारण (बिहार): जलालपुर थाना क्षेत्र के मकनपुर चंवर में पांच दिन पहले बरामद सिर कटी लाश के मामले में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। मृतक के परिजनों ने घटनास्थल से महज 10 फीट की दूरी पर सिर खोज निकाला और उसे जलालपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया। परिजनों ने दावा किया है कि बरामद सिर उनके छोटे भाई का है। हालांकि, पुलिस ने DNA जांच के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि करने की बात कही है।

मृतक की पहचान बनियापुर थाना क्षेत्र के भूमिहार गांव निवासी 45 वर्षीय वर्मा सिंह, पिता महात्मा सिंह के रूप में बताई गई है। मृतक के बड़े भाई कमलदेव सिंह ने दावा किया कि बरामद सिर उनके छोटे भाई वर्मा सिंह का ही है।

 

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक जांच के बाद भी नहीं मिला था सिर

घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जांच कराई थी। इसके बावजूद मृतक का सिर बरामद नहीं हो सका था। अब परिजनों द्वारा सिर बरामद कर पुलिस को सौंपे जाने के बाद मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है।

 

मौके पर पहुंची पुलिस टीम, जांच तेज

सिर बरामद होने की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, बबीता कुमारी, अशोक कुमार सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी, सीडीपीओ एकमा, थाना प्रभारी कोपा और अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

 

DNA जांच के बाद ही होगी पुष्टि

पुलिस के अनुसार, परिजनों के दावे के बावजूद बरामद सिर की पहचान की आधिकारिक पुष्टि DNA जांच के बाद ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। अब यह जांच का विषय है कि इस सनसनीखेज घटना के पीछे क्या कारण थे और हत्या की गुत्थी कैसे सुलझेगी।

 

News4Bihar इस मामले से जुड़ी हर महत्वपूर्ण अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।

 

#News4Bihar #SaranNews #Jalalpur #CrimeNews #BiharNews