समय पर पूरा करें मास्टर प्लान का काम : नगर आयुक्त संतोष कुमार।

रूपेश मिश्रा, (कटिहार) कटिहार के शहरी विकास को व्यवस्थित बनाने के लिए तैयार किए जा रहे जीआईएस आधारित मास्टर प्लान के कार्यों की बुधवार को समीक्षा की गई। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

नगर आयुक्त के कक्ष में आयोजित बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार की ओर से चयनित एजेंसी एक्सेल जियोमैटिक्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति, मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

नगर आयुक्त ने कहा कि जीआईएस आधारित मास्टर प्लान कटिहार आयोजना क्षेत्र के सुनियोजित विकास में अहम भूमिका निभाएगा। इसके जरिए भविष्य की शहरी जरूरतों को ध्यान में रखकर आधारभूत संरचनाओं के विकास और बेहतर शहरी नियोजन की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में संबंधित पदाधिकारी और चयनित एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।