छपरा। जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के अर्थशास्त्र एवं वाणिज्य विभाग तथा स्वदेशी जागरण मंच, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में 21 अगस्त 2026 को अपराह्न 12:15 बजे विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर ‘उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) परमेंद्र कुमार बाजपेई करेंगे। इस अवसर पर मुख्य वक्तव्य स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री माननीय अजय कुमार जी का होगा। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में उद्यमशील दृष्टिकोण विकसित करना, स्वरोजगार एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना है। वर्तमान बदलते आर्थिक परिदृश्य में उद्यमिता रोजगार प्राप्त करने का माध्यम मात्र नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग, नवाचार और क्षेत्रीय आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। इसी व्यापक परिप्रेक्ष्य में सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता की संभावनाओं, स्वदेशी उद्योगों, स्टार्टअप, व्यवसायिक नवाचार, वित्तीय प्रबंधन तथा बाजार की बदलती आवश्यकताओं से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजक अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजीत तिवारी तथा वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गोप ने बताया कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उनमें नेतृत्व, सृजनात्मकता, जोखिम लेने की क्षमता और समस्या-समाधान की दृष्टि विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है; उचित मार्गदर्शन, अवसर और संसाधनों की उपलब्धता से वे स्थानीय स्तर पर नए उद्यम स्थापित कर व्यापक आर्थिक परिवर्तन के वाहक बन सकते हैं। सम्मेलन में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी, युवा उद्यमी एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागी सम्मिलित होंगे। आयोजकों ने सभी संबंधितों से सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता कर ‘आत्मनिर्भर युवा – सशक्त अर्थव्यवस्था’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।










