18,500 फीट की ऊंचाई पर शिवम ने फहराया तिरंगा, बिहार का बढ़ाया मान

♦ बाढ़ के एएनएस कॉलेज के एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर शिवम कुमार ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, ऑल इंडिया एडवेंचर माउंटेनियरिंग कैंप सफलतापूर्वक किया पूरा

बाढ़ (बिहार): बिहार के लिए गर्व की बात है। बाढ़ स्थित एएनएस कॉलेज के एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर शिवम कुमार ने एनसीसी के प्रतिष्ठित ऑल इंडिया एडवेंचर माउंटेनियरिंग कैंप में शानदार सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। शिवम ने उत्तर सिक्किम के दुर्गम बर्फीले ग्लेशियर पर समुद्र तल से लगभग 18,500 फीट (करीब 5.6 किलोमीटर) की ऊंचाई तक बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के सफल चढ़ाई की और वहां भारतीय तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया।

इस चुनौतीपूर्ण कैंप के लिए बिहार-झारखंड निदेशालय से कुल 15 एनसीसी कैडेटों का चयन किया गया था। हालांकि, कठिन परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण पर्वतीय अभियान के बीच निदेशालय के केवल तीन कैडेट ही कैंप को सफलतापूर्वक पूरा कर सके। इनमें झारखंड के दो कैडेटों के साथ बिहार से शिवम कुमार एकमात्र सफल कैडेट रहे।

वहीं, पूरे देश से चयनित प्रतिभागियों में मात्र 29 कैडेट ही इस कठिन अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर पाए। ऐसे में शिवम की यह उपलब्धि और भी खास हो जाती है।

शून्य से नीचे तापमान, बर्फीले रास्तों और बेहद कठिन पर्वतीय परिस्थितियों के बीच बिना ऑक्सीजन सपोर्ट के इतनी ऊंचाई तक पहुंचना उनके साहस, शारीरिक क्षमता, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचायक है।

शिवम कुमार की इस उपलब्धि से एएनएस कॉलेज, बाढ़ सहित पूरे बिहार में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता ने साबित कर दिया है कि बिहार के युवा भी कठिन से कठिन चुनौतियों को पार कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।