दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर नगर निगम की समीक्षा बैठक, महापौर उषा देवी अग्रवाल ने तैयारियों की समीक्षा की

। रूपेश मिश्रा,(कटिहार)बिहार : दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कटिहार नगर निगम के प्रशाल भवन में माननीय महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।

 

बैठक में माननीय उप महापौर श्री मंजूर खान, नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार, सहायक अभियंता श्री विवेक कुमार, सुश्री विनीता एवं श्री अभय सिंह, कनीय अभियंता श्री अजय सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, श्री नूर अली खान, स्वच्छता प्रभारी श्री कैलाश नारायण चौधरी सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य दीपावली एवं छठ पर्व के अवसर पर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना तथा आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। पर्व के दौरान नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय और कार्यों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया।

नगर निगम का प्रयास है कि दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले तथा पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

नगर निगम कटिहार द्वारा पर्व को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि दोनों पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।