झारखंड : बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सफलता कितनी बड़ी है, इसका अंदाजा इसी बात से आप लगा सकते हैं कि इसको बताने के लिए बोकारो पुलिस मुख्यालय में खुद झारखंड के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता पहुंचे। आज बोकारो एसपी मनोज स्वर्गीयारी के नेतृत्व में पुलिस – नक्सली मुठभेड़ में 15 लाख के ईनाम वाले रणविजय महतो की गिरफ्तारी हुई तो एक महिला और एक पुरुष नक्सली मारा भी गया।
बोकारो पुलिस मुख्यालय में आज शाम डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि जिस नक्सली पर बोकारो में 18, गिरिडीह में 14 और धनबाद में 01 अर्थात कुल 33 संगीन मामले दर्ज है, वह आज पुलिस के हाथ आ गया। इस पर 15 लाख का ईनाम सरकार ने घोषित कर रखा है। इसके साथ ही आज सुबह करीबन 06 बजे से शुरू हुए मुठभेड़ में रणविजय महतो की पत्नी नक्सली शांति देवी और मनोज टुडू मारे गए। झारखंड के पारसनाथ, झुमरा और लुगु पहाड़ में रणविजय का गिरोह सक्रिय है। झारखंड के मोस्ट वांटेड नक्सलियों में से एक रणविजय की गिरफ्तारी नक्सलवाद के समाप्ति का इशारा है।
इस अभियान का नेतृत्व बोकारो पुलिस कप्तान मनोज स्वर्गीयारी ने किया। इस सफलता में कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस बल ने संयुक्त रूप से भागीदारी निभाई। पुलिस को भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार भी मिले हैं। यह मुठभेड़ बोकारो के नारायणपुर थाना क्षेत्र के वंशी और जड़वा गांव के पास के पहाड़ी क्षेत्र में हुआ।
जिसकी जानकारी पत्रकार वार्ता में डीजीपी अनुराग गुप्ता के अलावे आईजी अमोल वेणुकांत होलकर, बोकारो एसपी मनोज स्वर्गीयारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।