सोशल मीडिया पर ‘हथियार लहराना’ पड़ा भारी: दो युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

News4Bihar /सारण: सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। अमनौर पुलिस ने धर्मपुर जाफर पंचायत के अमनौर जान गांव निवासी रितेश कुमार और चुनमुन कुमार को गिरफ्तार किया है। इन पर सोशल मीडिया पर हथियार लहराने और अवैध हथियार रखने का आरोप है।

थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया पर एक वीडियो/फोटो मिला था, जिसमें एक युवक पार्टी में अवैध हथियार का प्रदर्शन कर रहा था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक की पहचान कर रितेश कुमार को उसके घर से धर दबोचा।

चोरी और छिनतई की साजिश का खुलासा.

पूछताछ में रितेश ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने अपने दोस्त चुनमुन कुमार को चोरी और छिनतई करने के इरादे से हथियार दिया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने चुनमुन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया।

पुलिस ने अमनौर थाना में कांड संख्या 153/25 दर्ज कर लिया है और दोनों युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों को छपरा जेल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने यह भी बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नज़र रखेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment