Traiya news: तरैया मे PK का ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ जोरदार स्वागत, समर्थकों ने सिक्कों से तौला

◆ इस बार वोट लालू, नीतीश, मोदी के लिए नहीं, इस बार वोट बिहार में जनता का राज स्थापित करने के लिए देना है, इस बार वोट अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए देना है- प्रशांत किशोर

News4Bihar(सारण) बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से सिताब दियारा से शुरू की गई बिहार बदलाव यात्रा के तहत बुधवार को जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर तीन दिवसीय दौरे पर तरैया पहुंचे थे। तरैया के पोखरेड़ा बाजार, तरैया बाजार, नेवारी बाजार, गवन्द्री बाजार, भटौरा चौक, डेवढ़ी चौक पर बड़ी संख्या में पार्टी और उनके समर्थकों ने ढोल- नगाड़ों व फूल- मालाओं से साथ भव्य स्वागत किया। उसके बाद उन्हें तरैया बाजार पर सिक्कों से तौला गया। इसके बाद प्रशान्त किशोर ने तरैया के वाईडीबीएस कॉलेज पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं जनसभा स्थल पर पहुंचने लगे थे और जन सुराज के सूत्रधार को सुनने के लिए उनमें काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा कि मोदी जी बिहार की जनता से वोट लेकर गुजरात में फैक्ट्री लगा रहे हैं। पूरे देश का पैसा लेकर गुजरात के गांव-गांव में फैक्ट्री लगाई जा रही हैं और बिहार के बच्चे वहां जाकर मजदूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि जब वोट आपका है तो फैक्ट्री कहां लगनी चाहिए, गुजरात में या बिहार में? इसके साथ ही प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में अधिकारी और नेता राशन कार्ड बनाने से लेकर जमीन की रसीद कटाने तक के लिए रिश्वत ले रहे हैं, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वह यहां लोगों को जागरूक करने आए हैं, उन्हें अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट करना चाहिए। जनता इस बात से संतुष्ट है कि उसे पांच किलो अनाज, सिलेंडर और बिजली मिल रही है। लेकिन जनता यह नहीं सोचती कि उसके बच्चों को शिक्षा और रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने सारण की जनता से अपील की कि उन्हें और उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें। अगली बार अपने बच्चों के लिए वोट दें और बिहार में जनता का राज स्थापित करें। बिहार में व्यवस्था परिवर्तन कर जनता का राज स्थापित करने के लिए नेताओं का चेहरा देखकर वोट न करें। चुनाव में वोट लालू, नीतीश और मोदी के चेहरे पर नहीं अपने बच्चों के चेहरे को देखकर दीजिएगा। अगली बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें। प्रशांत किशोर ने तरैया की जनता से बड़ा वादा करते हुए कहा कि दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साल छठ के बाद बिहार के युवाओं को 10-12 हजार रुपये की मजदूरी करने के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जब तक सरकारी विद्यालयों में सुधार नहीं हो जाएगा, तब तक आप अपने 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाएं और उनकी फीस सरकार भरेगी ताकि गरीब का बच्चा भी अंग्रेजी मीडियम स्कूल में पढ़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *